Friday, October 22, 2010

फ्रांस के पर्यटकों का एक दल धर्मनगरी पहुंचा

श्रीकृष्ण की शिक्षाओं व गीता के उपदेश से प्रभावित होकर फ्रांस के पर्यटकों का एक दल शुक्रवार को धर्मनगरी पहुंचा। श्रीकृष्ण संग्रहालय परिसर में पहुंचे पर्यटकों के इस दल ने यहां की हर चीज को अपने कैमरे में कैद किया। श्रीकृष्ण संग्रहालय में प्रवेश कर गीता व श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित दुर्लभ पेंटिंग देख तो यह इतने उत्साहित हुए कि श्रीकृष्ण का नाम लेकर झूमने लगे। श्रीकृष्ण संग्रहालय के उपनिदेशक राजेश पुरोहित द्वारा श्रीकृष्ण की लीलाओं की जानकारी पाकर एक पर्यटक श्रीकृष्णा इज ग्रेट कहे बिन नहीं रहा। फ्रांस के इस 37 सदस्यीय दल को अपने साथ लेकर पहुंचे फ्रांकोय बुई ने बताया कि वे तीसरी बार संग्रहालय पहुंचे हैं। हर बार श्रीकृष्ण के बारे में जानकर उनका लगाव बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने कहा हम सभी श्रीकृष्ण के बारे वेबसाइट पर डाले गए विवरण से प्रभावित होकर ही यहां पहुंचे हैं। श्रीकृष्ण संग्रहालय के उपनिदेशक राजेश पुरोहित ने बताया कि हर साल 50 लाख विदेशी पर्यटक भारत आते हैं। इनमें से 60 प्रतिशत उत्तर भारत का भ्रमण करते हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा की आग में झुलस रहे विदेशी लोग गीता को महान मानकर आत्मसात करने में लगे हुए हैं।

No comments:

Post a Comment